
बीते साल सितंबर से ही कृषि कानूनों को लेकर बहस जारी है। जहां किसान इन कानूनों के विरोध में लगातार आंदोलन कर रहे हैं। वहीं विपक्ष भी लगातार सरकार पर हमला बोल रहा है। इसमें कांग्रेस पार्टी सबसे आगे है। बता दें कि आज एक बार फिर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने सरकार के कृषि कानूनों को लेकर हमला किया है। इस दौरान उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि “जीविका अधिकार है, उपकार नहीं!”
हालांकि इससे एक दिन पहले शनिवार को भी राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा था। उन्होने किसानों का मुद्दा उठाते हुए एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि “देश की सीमा पर जान बिछाते हैं जिनके बेटे, उनके लिए कीलें बिछाई हैं दिल्ली की सीमा पर। अन्नदाता मांगे अधिकार, सरकार करे अत्याचार!” राहुल गांधी अक्सर केंद्र सरकार पर हमला बोलते हैं। वह सरकार पर वार करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ते। इससे पहले भी उन्होंने किसान आंदोलन को लेकर कई ट्वीट्स किए थे।
गौरतलब हैं कि अब सरकार इन कानूनों में बदलाव करने को तैयार है। इस बात की जानकारी खुद केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने दी। उन्होंने कहा कि हम संशोधन करने को तैयार हैं। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि “ऐसा लग रहा है कि जो लोग इस कानून का विरोध कर रहे हैं वो इसके बारे में बारिकी से जानकारी नहीं जुटा रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि “मोदी सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। हम संशोधन करने के लिए तैयार हैं, लेकिन आप इसे त्रुटिपूर्ण न कहें, क्योंकि कोई भी इस बारे में सकारात्मक जवाब देने की स्थिति में नहीं है कि इस कानून में कमी क्या है।”